नानौता (सहारनपुर)। एटीएम कार्ड का नंबर पूछकर पूर्व सैनिक की पत्नी के खाते से 45 हजार रुपये की आनलाइन खरीदारी कर ली गई। पीड़िता ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम भावसी रायपुर निवासी पूर्व सैनिक अमर सिंह की पत्नी वंदना पुंडीर का नगर के भारतीय स्टेट बैंक में खाता है। वंदना पुंडीर ने बताया कि 1 मई को उसके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को भारतीय स्टेट बैंक नानौता से बताते हुए कहा कि तुम्हारा खाता ब्लॉक हो गया है, यदि अपना खाता चालू रखना है तो अपने एटीएम कार्ड का नंबर बताओ। महिला ने फोन कर्ता को अपने एटीएम का नंबर बता दिया। इसी बीच महिला के फोन पर उसके खाते से 45 हजार रुपये निकलने का मेसेज आते ही उसके पांव तले की जमीन खिसक गई। आरोप है कि किसी हैकर द्वारा उसके खाते से 45 हजार रुपये की गुड़गांव में आनलाइन खरीदारी की गई है। महिला ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।