सहारनपुर। गुरुद्वारा में तमंचा लेकर घुसने एवं ग्रंथी को धमकाने के आरोपी युवक को पुलिस ने कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। जांच में पता चला है कि आरोपी युवक मुजफ्फरनगर जनपद के गांव महाबलीपुर का रहने वाला है और वह अपने चाचा पर तमंचे से फायर करके फरार हुआ था। पुलिस से बचने के लिए सहारनपुर आ गया था और गुरुद्वारा में छुपने के लिए घुस रहा था।
बृहस्पतिवार रात नगर कोतवाली के नुमाइश कैंप स्थित पंजाबी गुरुद्वारा में तमंचे लेकर घुस रहे युवक को ग्रंथी सुरजीत सिंह ने रोका तो आरोपी ने ग्रंथी पर तमंचा तान दिया था। शोर शराबा होने पर लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से दो तमंचे बरामद हुए।
आरोपी ने अपना नाम कुशलजीत निवासी ग्राम इलाहाबास, मुजफ्फरनगर बताया था। उसने बताया था कि वह गुरुद्वारा में मत्था टेकने के लिए पहुंचा था, लेकिन ग्रंथी ने उसे रोका तो उसने तमंचा तान दिया। पहले तो पुलिस ने उसकी बात पर विश्वास कर लिया। लेकिन जब नाम पता तस्दीक किया तो गलत निकला। शक होने पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। तब उसने अपना नाम गुरमीत, निवासी ग्राम महाबलीपुर, थाना चरथावल जनपद मुजफ्फरनगर बताया।
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि आरोपी ने पहले अपना नाम पता गलत बताया था। उसका सही नाम गुरमीत है। एक दिन पहले ही उसने अपने चाचा पर फायरिंग कर दी थी। चरथावल थाने में उसके खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। चरथावल थाने से वह वांछित है। पुलिस से बचने के लिए सहारनपुर के मोहल्ला पंजाबी कालोनी में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां पहुंचा। लेकिन रिश्तेदार मकान खाली कर दूसरे मकान में रह रहे थे। आरोपी ने कॉल की, तो रिश्तेदारों ने अपने यहां पनाह देने से इंकार कर दिया था। उसके बाद वह गुरुद्वारे में छिपने के लिए पहुंच गया। जहां ग्रंथी ने रोका तो आरोपी गुरमीत ने तमंचा निकाल लिया था। आरोपी के पास से दो तमंचे एवं दो कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया है। इस बारे में मुजफ्फरनगर जनपद पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।