सहारनपुर। चोरों ने शहर के मुख्य बाजार नेहरू मार्केट में रेडीमेड गारमेंट की दो दुकानों के शटर एवं ग्रिल तोड़कर हजारों की नकदी, कीमती कपड़े एवं सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह बाजार खुलने पर चोरी का पता चल सका।
शहर के मुख्य बाजार नेहरू मार्केट में रेडीमेड गारमेंट की दुकान करने वाले अमन ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह दुकान बंद करके घर गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान खोली तो दुकान का सामान बिखरा हुआ मिला। दुकान में रखी नकदी एवं कीमती कपड़े भी नहीं मिले। उन्होंने बताया कि चोर ऊपरी मंजिल की ग्रिल तोड़कर दुकान में घुसे और नीचे दुकान में आकर चोरी कर ली।
नेहरू मार्केट में दूसरी रेडीमेड कपडे़ एवं टेलर की दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। दुकान मालिक दिलशाद ने बताया कि रात में चोरों ने शटर तोड़ दिया। दुकान से महिलाओं के कोट एवं अन्य कीमती कपड़ों के अलावा दस हजार की नकदी भी चोरी कर ली। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। दुकानों में चोरी होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों दुकानदारों से मामले की जानकारी ली।