गांव की नाली में पानी की निकासी को लेकर दो सगे भाइयों में तकरार हो गई। जमकर गाली-गलौज और मारपीट हुई। एक पक्ष की महिला ने आक्रोशित होकर एक मासूम बच्चे पर गर्म पानी फेंक दिया, जिससे एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए लेकर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां से उसे उपचार के लिए हाथरस भेजा गया है।
ग्राम ऊतरा निवासी नन्नूमल और बुद्धसेन दोनों सगे भाई हैं। खेतीबाड़ी करके अपने और अपने परिवार का पालन पोषण करते चले आ रहे हैं। गुरुवार को घर की नाली के पानी की निकासी को लेकर दोनों के परिवारों के बीच विवाद खड़ा हो गया। जमकर गाली-गलौज एवं मारपीट हुई।
मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित होकर एक भाई की पत्नी ने दूसरे भाई के मासूम पुत्र कौशल पर गर्म पानी फेंक दिया, जिससे कौशल बुरी तरह घायल हो गया। घायल कौशल को लेकर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां से उसे उपचार के लिए हाथरस भेजा गया है। पीड़ित पिता ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की तहरीर थाने में दी है।