टीम ने 80 किलो रसगुल्लों को नष्ट कराया
- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिहारीगढ़ में मारा छापा
- मेरठ से सप्लाई के लिए लाए जा रहे थे रसगुल्ले
फोटो-18
अमर उजाला ब्यूरो
बिहारीगढ़ (सहारनपुर)।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिहारीगढ़ पुलिस की मदद से 80 किलो रसगुल्लों को सिंथेटिक बताते हुए उन्हें सीज किया और बाद में नष्ट करा दिया गया। इसके साथ ही एक आरोपी को कार सहित हिरासत में लेकर रसगुल्ले के नमूने लिए। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया आरोपी काफी दिन से सिंथेटिक रसगुल्लों को मेरठ से लाकर यहां आसपास के कस्बों व गांवों में मिठाई की दुकानों पर बिक्री कर रहा था।
खादय सुरक्षा अधिकारी सुनील शर्मा को सूचना मिली कि बिहारीगढ़ की ओर जिप्सी में सिंथेटिक रसगुल्ले भरकर लाए जा रहे हैं। उन्होंने सहारनपुर से खाद्य सुरक्षा विभाग की एक तीन सदस्यीय टीम बिहारीगढ भेजी और इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार से भी पुलिस सहायता की मांग की। विभाग के सदर क्षेत्र अधिकारी इंदल सिंह यादव ने बताया कि रसगुल्लों से लदी जिप्सी बिहारीगढ पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई। थाने ले जाकर जांच में आठ कनस्तरों में लगभग अस्सी किलो रसगुल्ले बरामद हुए। ये सिंथेटिक ही नजर आए।
रसगुल्लों के साथ पकडे़ गए तसब्बुर निवासी ग्राम जस्सड थाना सरूरपुर जिला मेरठ ने बताया कि ऐसे रसगुल्ले सरधना मेरठ से लाकर बिहारीगढ़, छुटमलपुर और गागलहेडी के अलावा गांवो में मिठाइयों की दुकानों पर बेचे जाते हैं। खादय सुरक्षा विभाग की टीम ने पकडे़ गए रसगुल्लों का के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिये लखनऊ भेज दिया है। रसगुल्ले पकड़ने वाली टीम में मुख्य रूप से इंदल सिंह यादव, संजीत कुमार, वरूण कुमार और बिहारीगढ थाने के एसएसआई सुदेश कुमार शामिल रहे। रसगुल्लों को नष्ट करा दिया गया है।