देवबंद। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ महिला को लिफ्ट देकर उसके साथ सामूहिक दुराचार किए जाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
चरथावल के एक गांव निवासी महिला ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया था कि विगत 10 फरवरी को वह देवबंद में किसी काम से आई थी। शाम के समय वह घर जाने के लिए गाड़ी के इंतजार में नगर के शास्त्री चौक पर खड़ी थी। इस दौरान कार से वहां पहुंचा अंबहेटा शेखां निवासी सरफराज ने उसे घर छोड़ने के बहाने कार में बिठा लिया। जिसमें पहले से दो लोग बैठे हुए थे। आरोप है कि सरफराज ने कार को डेहरा के जंगल में रोक लिया तथा उसे जबरन कार से उतारकर जंगल में ले गए। जहां तीनों लोगों उसके साथ गैंगरेप किया। महिला का आरोप है कि बाद में उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जिसके बाद वह शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंची। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। सोमवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सरफराज समेत तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।