छुटमलपुर (सहारनपुर)। चोरों ने बुधवार की रात दो गांवों से दो गोवंश चोरी कर लिए। दिन निकलने पर पशुपालकों को चोरी का पता चला। इससे पूर्व भी पिछले सप्ताह एक गाय चोरी जा चुकी है। पशु चोरी की बढ़ती वारदातों से पशु पालकों में भय और पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
बिहारीगढ़ थाने के गांव नौरंगपुर निवासी राकेश कुमार पुत्र महेंद्र सिंह की गांव की आबादी के अंदर पशुशाला बनी है। रात वे अपनी बैठक में सोए हुए थे। सुबह जब उठे और पशुओं को चारा डालने गए तो एक बैल चोरी जा चुका था। काफी तलाश करने के बाद पता चला कि बैल किसी वाहन में गांव से चोरी करके ले जाया गया है। रात ही गांव सतपुरा निवासी किसान रमेश पुत्र लेखु की पशुशाला से भी रात चोरों ने बैल चोरी कर लिया। इसे भी बृहस्पतिवार की सुबह ही चोरी का पता चला। दोनो पशु पालकों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि एक सप्ताह पूर्व भी गांव मुस्सापुर में चोरों ने सुधीर पुत्र समे सिंह की गाय चोरी कर ली थी। उसका भी पता पुलिस नहीं लगा सकी है।