परिवार सोता रहा और चोर समेट ले गए माल
छुटमलपुर (सहारनपुर)। फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव गेल्हेवाला में बीती रात एक परिवार सोता रहा और चोर 35 हजार रुपये की नगदी सहित सारा सामान समेट ले गए।
गांव निवासी जुल्फान पुत्र अब्दुल शकूर डीजे बजाने का काम करता है। उसके अनुसार रविवार की शाम सात बजे वह डीजे लेकर मांझीपुर गांव में बजाने चला गया था। रात पौने दो बजे वह घर पहुंचा। उसने आवाज देकर पत्नि को जगाया। पत्नी के दरवाजा खोलने के जब वह अंदर गया तो वहां का नजारा देख उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था। उसके अनुसार चोर घर में रखी 35 हजार रुपये की नगदी, साठ हजार रुपये के चांदी सोने के जेवरों सहित कीमती कपड़े और बर्तन चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरी की सूचना डायल सौ पर दी गई। रात में ही पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। जिस वक्त चोरी हुई उस वक्त उसकी पत्नि और बच्चे बरामदे में सोए हुए थे। उसके अनुसार रात साढ़े 11 बजे उसकी पत्नी सोई थी। इससे माना जा रहा है कि इसके बाद ही किसी समय चोरी हुई। उधर, एसओ भानू प्रताप ने बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है।