बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे दंपति से बेखौफ बाइक सवार दो बदमाश दिन दहाड़े सीओ आवास के सामने से चार लाख अस्सी हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। दिनदहाड़े लूट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। एसएसपी ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस को शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे गांव रानीपुर निवासी अलीशेर ने अपनी पत्नी नफीसा के साथ यूनियन बैंक की स्थानीय शाखा से चार लाख अस्सी हजार रुपए निकाले थे। पीड़ित पति पत्नी रुपयों को एक थैले में डालकर जैसे ही कोतवाली के ठीक बराबर में सीओ निवास के सामने नगर पालिका चौराहे पर पहुंचे तो पीछे से आकर बाइक सवार दो बदमाशों ने शेरअली को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और नफीसा के हाथ से चार लाख 80 हजार रुपयों से भरा थैला लूट कर लक्कड़ वाली मस्जिद की ओर से फरार हो गए।
शेरअली तथा उसकी पत्नी ने शोर भी मचाया, लेकिन तब तक बदमाश गलियों से होकर भागने में सफल रहे।
पीड़ित दंपति ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी तो कोतवाली के सामने ही लूट की वारदात से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ को भागदौड़ शुरू कर दी थी। पीड़ित दंपति का रो-रोकर बुरा हाल था। नफीसा ने बिलखते हुए बताया कि उन्होंने मेहनत मजदूरी कर बेटी की शादी के लिए यह रकम किसी तरह जमा की थी। 14 नवंबर को उसकी बेटी की शादी होनी तय है। इसलिए उन्होंने शादी के लिए बैंक में जमा एफडी आदि तुड़वाकर यह रकम निकाली थी।
एसओ यशपाल धामा ने बताया कि पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा उन्हें बदमाशों की बाबत कुछ क्लू मिले हैं। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। एसएसपी आरपीएस यादव ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस को लूट का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिये हैं।
लूट के बाद हमने संदेह के आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। इसमें कुछ क्लू भी हाथ लगे हैं। तेज तर्रार टीमों केे खुुलासे में लगाया गया है।
- आरपीएस यादव, एसएसपी