बाइकर्स गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, एक फरार
गंगोह (सहारनपुर)। शहर में मंगलवार को दो घंटे के अंतराल पर एक ही मोहल्ले में लूट की दो वारदातों को अंजाम देने वाले बाइकर्स गैंग के दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनका एक साथी फरार हो गया। लूट करते हुए बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए थे।
बता दें कि मंगलवार शाम पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद के आवास के समीप बाइकर्स गैंग के तीन बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए मात्र दो घंटे के अंतराल पर ही ताबड़तोड़ दो वारदातों को अंजाम देकर दहशत मचा दी थी। शाम साढे़ चार बजे अपनी सराफा बाजार जा रही मोहल्ला सैयद निवासी वसीमा को जान से मारने की धमकी दी। बाइक सवार दो बदमाशों ने पर्स लूट लिया गया पर्स में तीन हजार रुपये और सोने का एक तोले का लॉकेट था। इसके दो घंटे बाद साढ़े छह बजे बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा रिक्शा में बैठकर विवाह समारोह से वापस लौट रहे शामली निवासी मोहम्मद अफ्फाम के परिवार की महिला हुमैरा से भी पर्स लूट लिया गया था। उनके पर्स में एक मोबाइल, एक हजार रुपये और सोने के कुंडल थे। इसके बाद एक बार फिर बदमाशों ने उसी स्थान पर अरविंद टेबक की रिश्तेदार महिला लूट का असफल प्रयास किया था। लूट की घटनाओं से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। पुलिस ने पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला तो उसमें लूट की वारदात करते बदमाश दिख गए। इसके बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद ने भी अपने कार्यकर्ताओं को फुटेज दिखाते हुए बदमाशों की पहचान के लिए लगा दिया। बदमाशों की पहचान होते ही पुलिस ने उनके ठिकानों पर दबिश देकर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि तीसरा बदमाश बाइक सहित फरार हो गया।
बुधवार को कोतवाली में हुई पत्रकार वार्ता में कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने वारदातों का खुलासा किया। लूट की वारदातों में कुरैशियान निवासी उमर, फैसल और जिशान शामिल थे। इनमें से उमर और फैसल को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि जिशान फरार हो गया है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। बताया कि पकड़े गए बदमाशों से लूटा गया मोबाइल, लाकेट और 500 रुपये बरामद हुए हैं। उन्होंने बताया कि फरार बदमाश जिशान का पूर्व का भी आपराधिक रिकार्ड है जिसे खंगाला जा रहा है। पकड़े गए बदमाशों को जेल भेज दिया गया है।