रामपुर मनिहारान। गांव जटियाखेड़ी में रात के समय तालाब से जाल डालकर मछली चोरी कर रहे एक व्यक्ति को मछली पालकों ने पकड़ कर थाना रामपुर पुलिस को सौंप दिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
थाना रामपुर क्षेत्र के गांव जगरौली निवासी नेमचंद पुत्र भारत ने थाना रामपुर में तहरीर देकर बताया कि मत्स्य जीवी सहकारी समिति शेरपुर ने थाना क्षेत्र के गांव जटियाखेड़ी में स्थित तालाब में मछली पाल रखी है। शुक्रवार रात तीन लोग तालाब में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। सूचना पर उसके साथी राजेश, रमेश, रामकिशन मौके पर पहुंच गये तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग तालाब में जाल डालकर मछलियों को पकड़ कर प्लास्टिक के कट्टों में डाल रहे हैं। इस पर उन्होंने मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। मौके से एक मोटरसाइकिल, जाल व बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां बरामद की र्गइं। मछली पालकों ने पकडे़ गये व्यक्ति को पुलिस को सौंप दिया। नेमचंद पुत्र भारत ने थाने में दी गयी तहरीर में चोरी की गयी मछलियों की कीमत एक लाख रुपयेे बताई है। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।