सहारनपुर। थाना कुतुबशेर के मानकमऊ की अमन विहार कॉलोनी में एक बंद मकान के ताले तोड़कर चोरों ने नगदी, आभूषण एवं कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार बाहर गया हुआ था।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र की मानकमऊ चौकी के अंतर्गत मोहल्ला अमन विहार कॉलोनी निवासी आजम शुक्रवार की शाम को घर का ताला लगाकर अपनी पत्नी के साथ अपनी ससुराल चला गया। चोरों ने रात में घर की रेलिंग तोड़ दी और घर में घुस गए। चोरों ने पूरे घर को खंगाल डाला। अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे 20 हजार रुपये, सोने की अंगुठियां, कैमरा, तांबे के बर्तन, बिना सिले हुए कपड़े एवं अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शनिवार की सुबह जब वे लौटे तो घर के दरवाजे की रेलिंग टूटी और घर के अंदर जाकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा हुआ पड़ा मिला। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। इस मामले में आजम ने चोरी की तहरीर दी है।