ठगी कर 1.30 लाख रुपये खाते से निकाले
सहारनपुर। एक व्यक्ति के खाते से फर्जीवाड़ा करके 1.30 लाख रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने कोतवाली सदर बाजार में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हकीकतनगर निवासी विक्रम बोहरा ने बताया कि पीएनबी की सिविल लाइन शाखा में उनका खाता है। खाते से अलग-अलग तारीखों में 1.30 लाख रुपये की नकदी निकाल ली गई। मोबाइल फोन पर मैसेज आने के बाद इसका पता लगा। इस संबंध में जानकारी करने पर बैंक के अधिकारियों ने बताया कि पीएनबी की मुख्य शाखा के एटीएम और पेटीएम के जरिए पैसा निकाला गया है। विक्रम ने कोतवाली सदर बाजार में रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कच्ची शराब और हथियारों के साथ दो गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना फतेहपुर पुलिस ने 20 लीटर कच्ची शराब और हथियारों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से एक कार भी बरामद हुई। एसपी सिटी विनीत भटनाकर ने बताया कि मंगलवार को थाना फतेहपुर पुलिस ने एक सूचना के आधार पर देहरादून रोड से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 20 लीटर कच्ची अपमिश्रित रेक्टीफाइड शराब, एक तमंचा, दो कारतूस, एक छुरी और एक कार बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नसीम उर्फ छिंटा व हफीज निवासी गांव गंदेवड़ा बताए। दोनों आरोपी कच्ची शराब बनाने काम करते थे। पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया।