छात्रा को गोली मारने का आरोपी पकड़ा
सहारनपुर। ग्राम उनाली में कक्षा नौ की छात्रा पर गोलियां बरसाकर घायल करने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर ली थी, लेकिन सटीक सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
ग्राम उनाली में स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा पर गांव के ही कक्षा 12 के छात्र दीपू (19 वर्षीय) ने गोलियां बरसा दी थीं। छात्रा के दोनों पैरों में दो-दो गोलियां लगी थीं, जिस कारण छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र दीपू फरार हो गया था। पुलिस आरोपी को तलाश करने में लगी थी, जबकि दीपू ने कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर ली थी। इसकी भनक पुलिस को लग गई और पुलिस ने दीपू की घेराबंदी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि दीपू बृहस्पतिवार को जब कोर्ट में सरेंडर करने के लिए आ रहा था तो कुतुबशेर थाना पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कुतुबशेर थानाध्यक्ष का कहना है कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।