विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव बुंटा में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा मीरापुर निवासी सोनम की शादी करीब आठ साल पूर्व गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव बुंटा निवासी अब्दुल कलाम के साथ हुई थी। बृहस्पतिवार को सोनम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर मृतका के परिजन गांव में पहुंचे और सोनम को घर में मृत अवस्था में पाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इस दौरान परिजनों ने हंगामा भी किया। सूचना पर सीओ भवन सुरेंद्र सिंह और गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी विजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने परिजनों को समझाकर शांत किया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं दी गई है।