सहारनपुर। मोबाइल फोन ऑनलाइन ठगी में एक आरोपी को पकड़कर वाहवाही लूटने वाले सदर बाजार कोतवाली पुलिस सवालों में घिर गई है। ठगी के मोबाइल खरीदने वाले व्यापारी को तीन दिन हिरासत में रखकर छोड़ने की चर्चाएं हैं। एसपी सिटी ने इस मामले में जांच कराकर कार्रवाई की बात कही है।
सोमवार को पुलिस ने ऑनलाइन मोबाइल फोन बुक कराकर 47 लाख की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसमें एक महिला सहित दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया था कि वह अब 264 मोबाइल फोन हड़प चुके हैं। पुलिस ने बड़े जोशो खरोश के साथ इस गुडवर्क का खुलासा किया था। मंगलवार को यह मामला पुलिस के गले की फांस बन गया। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने गुडवर्क के नाम बड़ा खेल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने एक व्यापारी को तीन दिन तक हिरासत में रखा था। भाजपा के कई नेता भी उसकी पैरोकारी में थाने गए थे। आरोप है कि उस समय पुलिस ने व्यापारी को क्लीन चिट देने से मना कर दिया था। बाद में अचानक व्यापारी को थाने से चलता कर दिया गया। इस बारे में एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि यह बेहद गंभीर मामला है। इस मामले की जांच कराकर दूध का दूध और पानी का पानी किया जाएगा।