बिहारीगढ़(सहारनपुर)।
थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस पर संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चलने से एक नौकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को फतेहपुर सीएचसी पर ले जाया गया जहां गंभीर हालत होने के चलते उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना के बाद फार्म हाउस पर पहुंची पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर लौट आई।
बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ग्रंट में कैराना निवासी प्रदीप कुमार का फार्म हाउस है। रविवार की शाम साढ़े पांच बजे अचानक फार्म हाउस पर गोली चल गई जो एक नौकर सुरेंद्र पुत्र प्रेम निवासी गांव झींवरहेड़ी के पेट में जा लगी। घटना के बाद फार्म हाउस पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद फार्म हाउस मालिक प्रदीप ने आनन फानन में सुरेंद्र को फतेहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन हालत खराब होने के चलते चिकित्सकों ने सुरेंद्र को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है। फार्म हाउस पर गोली चलने की खबर के बाद एसओ बिहारीगढ़ जितेंद्र कुमार मय फोर्स फार्म हाउस पहुंचे। वहां से पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर वापस लौट आई। एसओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।