लखनौती (सहारनपुर)। यमुना के रास्ते से तस्करी करके लाया जा रहा गोवंश से भरा ट्रक कोहरा होने के कारण रास्ता भटक कर यमुना नदी में धंस गया। तस्करों ने ट्रक को निकालने का प्रयास किया लेकिन इसी बीच किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस को आता देख तस्कर ट्रक वहीं छोड़ कर फरार हो गए। ट्रक में 16 गोवंश भरे हुए थे जिसमें से एक गाय और तीन बैलों की मौत हो चुकी थी, बाकी गोवंश को गोशाला भेजा गया है। हिंदू संगठनों ने रोष जताते हुए मौके पर ही प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की।
सरकार की सख्ती के बावजूद गोवंश तस्कर बाज नही आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को हरियाणा से तस्करी कर एक दस टायरा ट्रक यमुना डबकोला घाट के रास्ते लाया जा रहा था। घना कोहरा होने के कारण चालक रास्ता भटक गया और ट्रक गहरे पानी में चले जाने के कारण फंस गया। तस्करों ने ट्रक को निकालने का प्रयास किया पर वह कामयाब नहीं हुए। इसी बीच इसकी सूचना कोतवाली गंगोह पुलिस को दे दी गई। पुलिस को आता देख तस्कर ट्रक को छोड़कर फरार हो गए। जाते-जाते वे ट्रक का बैट्रा भी अपने साथ ले गए। इसके बाद शिव सेना युवा के जिलाध्यक्ष नीरज रोहिला ब्लाक अध्यक्ष प्रदीप सैनी के साथ कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भर गए गाय और बैलों के पांव खोलकर बाहर निकाला गया। इनमें से एक गाय और तीन बैलों की मौत हो चुकी थी। बाकी 12 गायों को गोशाला रणदेवा भेज दिया गया है। शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने यमुना नदी पर प्रदर्शन करते हुए कार्रवाई की मांग की। नीरज रोहिला का कहना था कि योगी सरकार के होने के बावजूद गोवंश कटान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गोतस्करों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।