चोरों ने तीन दुकानों में की सेंधमारी, हजारों का नुकसान
तलहेड़ी बुजुर्ग (सहारनपुर)। शुक्रवार की रात तलहेड़ी बस स्टेंड स्थित तीन दुकानों में सेंधमारी कर नकदी के साथ हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
तलहेड़ी में रेलवे रोड पर चोर बृहस्पतिवार की रात शर्मा फोटो स्टूडियो, शर्मा बीज भंडार और शर्मा टी स्टाल में पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। शर्मा बीज भंडार में तो दुकान को खंगालने के बाद चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। जबकि शर्मा फोटो स्टूडियो में कैमरे समेत अन्य सामान व गल्ले में रखी 3500 रुपये उड़ा लिए। दुकान स्वामी दिनेश शर्मा ने पुलिस चौकी पर दी तहरीर में 60 हजार रुपये का नुकसान होना बताया है। वहीं मेन रोड स्थित शर्मा टी स्टाल का चोरों ने शटर तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन सेंटर लॉक नहीं टूटने पर चोर दुकान के बाहर जंजीरों में रखे फ्रीज को तोड़कर उसमें से पांच किलो देशी घी के डिब्बे चोरी कर ले गए। बता दें कि दो दिन पूर्व भी चोरों ने अमित की मोबाइल शॉप में सेंधमारी कर करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था। इतना ही नहीं मेन बाजार में ओम जनरल स्टोर के ताले भी चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया था। चोरी की बढ़ती वारदातों को लेकर व्यापारियों में भारी रोष है। दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से रात में बाजार में पुलिस गश्त की व्यवस्था कराने की मांग की है।