सहारनपुर। नगर निगम के पूर्ति निरीक्षक हृदेश कुमार ने टीम के साथ मल्हीपुर रोड पर नया गांव बादशाहपुर में अवैध रूप ये डीजल एवं पेट्रोल की दुकान पर छापा मारकर लगभग 200 लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद किया है। इस मामले में हृदेश कुमार ने देहात कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार को नगर निगम के पूर्ति निरीक्षक हृदेश कुमार ने पूर्ति निरीक्षक सौरभ कुमार गोस्वामी, पूर्ति लिपिक अरुण कुमार, राजीव शर्मा के साथ मिलकर मल्हीपुर रोड स्थित नया गांव बादशाहपुर में मेन रोड स्थित दो दुकानों पर छापा मारा। जहां पर एक व्यक्ति द्वारा मिट्टी का तेल एवं पेट्रोल रखकर अवैध रूप से बिक्री की जा रही थी। टीम ने दोनों दुकानों की जांच की तो वहां दो खाली ड्रम एवं एक ड्रम में 200 लीटर पैट्रोल भरा हुआ मिला। दूध नापने वाला एक लीटर के दो बर्तन मिले, प्लास्टिक की कुछ बोतलें मिलीं जिनमें पेट्रोल भरा हुआ था। जिसको प्लास्टिक की एक केन में भरा गया। प्लास्टिक के ड्रम में से पेट्रोल की जांच की गई तो जांच में अपमिश्रित पेट्रोल पाया गया। केन में भी मिलावटी पेट्रोल मिला। जिसमें से कांच की तीन बोतलों में नमूना लेकर सील कर दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अफजल निवासी नया गांव बादशाहपुर बताया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विकलांग है और परिवार के भरण पोषण के लिए पेट्रोल और डीजल पेट्रोल पंप से लाकर एक दो रुपये महंगा बेचता है। उसने दोनों दुकानें किराए पर ले रखी हैं। उसके पास लाइसेंस अथवा अन्य कोई अनुमति नहीं है। टीम द्वारा कार्रवाई किए जाते देख आरोपी अफजल ने हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में भीड़ लग गई। उसने वहां से काफी सामान चुपचाप हटवा दिया। लेकिन तेल की केन एवं ड्रमों को टीम ने जब्त कर लिया। देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।