सहारनपुर के बेहट के नानौली गांव निवासी किसान से 21 लाख रुपये ठगने वाले चारों तांत्रिकों के खिलाफ एसएसपी के आदेश पर थाना मिर्जापुर में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर पीड़ित किसान के बेटे की तरफ से दर्ज कराई गई है।
बता दें कि जून 2014 में बेहट कोतवाली क्षेत्र के नानौली गांव निवासी किसान जिंदा हसन से उसके गांव के ही यासीन पुत्र मंजूर हसन, घघरौली गांव निवासी इंतजार, अमादपुर गांव निवासी इमरान और जानीपुर गांव निवासी अब्दुर्रहमान द्वारा उसके खेत में गड़ा खजानान निकालने के नाम पर 21 लाख रुपये की रकम ठग ली गई थी।
यह रकम किसान से कभी जमीन खुदवाने, तो कभी तांत्रिक क्रिया में आने वाले खर्च के नाम पर ठगी गई। आरोपियों को दी गई यह रकम पीड़ित किसान ने 26 लाख रुपये में जमीन बेचकर दी थी।
अपने साथ हुए छल का पता लगने पर किसान ने 28 मार्च 2015 को जिम्मेदार लोगों की पंचायत बुलाकर ठगी गई रकम वापस मांगी। आरोपियों ने पंचायत में 21 लाख ठगने की बात स्वीकार करते हुए मौके पर ही 70 हजार रुपये वापस किए थे, बाकी रकम देने का वादा किया था।
वादे पर बाकी रकम न दिए जाने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, तो आरोपियों ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए पुन: पंचायत में 14 लाख रुपये देने का वादा किया, लेकिन इस वादे पर भी पीड़ित को 14 लाख रुपये नहीं दिए गए।
उसके ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। फिर से कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने 9 लाख रुपये लौटाए। बाकी 1130000 हजार रुपये की रकम देने से मना कर दिया।
उन्होंने दबाव बनाया तो पीड़ित किसान और बेटे मोहम्मद शाबान को रायेपुर गांव में पुल से पहले बुलाकर उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर उन्हें मारने का प्रयास किया। उनके शोर मचाने पर वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उनकी जान बचाई।
पीड़ित के बेटे मोहम्मद शाबान द्वारा इस संबंध में एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया गया। एसएसपी के आदेश पर थाना मिर्जापुर पुलिस ने मोहम्मद शाबान की तरफ से चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।