देवबंद (सहारनपुर)। स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल) के लिए सीएचसी लाया गया जेबकतरा मंगलवार को पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। जिससे साथ में आए पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए। हालांकि बाद में उसे सीएचसी के दूसरे गेट के निकट से दबोच लिया गया। जबकि पुलिस अधिकारी इस तरह की घटना से इंकार कर रहे हैं।
हुआ यूं कि मंगलवार की सुबह बस स्टेंड से पुलिस ने एक आरोपी को जेब तराशी के आरोपी में गिरफ्तार किया था। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस अदालत ले जाने से पहले सीएचसी में उसका मेडिकल कराने पहुंची थी। सूत्रों की माने तो आरोपी जेब कतरे को दो पुलिसकर्मी लेकर आए थे। मेडिकल से वह पूर्व वह शौच जाने का बहाना बनाकर शौचालय में घुस गया और अंदर से कुंडी लगा ली। बताया जाता है कि आरोपी शौचालय की जाली काटकर फरार पिछले रास्ते से फरार हो गया। काफी देर बाद तक जब वह बाहर नहीं आया तो पुलिसकर्मी ने कुंडी खटखटाई लेकिन इसी दौरान उनकी निगाह टूटी जाली पर पड़ी वह तो पूरा माजरा समझ में आते ही उनके होश उड़ गए। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर बाद वह उन्हें सीएचसी के दूसरे गेट (नई बिल्डिंग) के समीप दिखाई पड़ी। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद पुलिसकर्मियों मे राहत की सांस ली। बाद में उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। कोतवाल उमेश रोरिया ने किसी भी आरोपी के पुलिस कस्टडी से फरार होने की घटना से इंकार किया है।