ट्यूशन पढ़ने गई छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश
देवबंद (सहारनपुर)। ट्यूशन पढ़ने गई छात्रा को बहाने से बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़ित परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि रविवार को उसकी 10 वर्षीय बेटी पड़ोस में रहने वाली सहेली के साथ ट्यूशन पढ़ने गई थी। आरोप है कि इस दौरान मोहल्ले का ही एक युवक उनके पीछे लग गया। जिसने उसकी सहेली से बहाने से बेटी को बाहर बुलाया और उसे अपने साथ घर की दूसरी मंजिल पर ले गया। जहां उसने जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। इस दौरान छात्रा के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने आरोपी युवक को दबोच लिया। लेकिन इस दौरान वह मौका पाकर वहां से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।