लूट करने आया बदमाश दुकानदार ने दबोचा
गंगोह (सहारनपुर)। मंगलवार रात तीन बदमाशों ने एक दुकानदार को लूटने का प्रयास किया। दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को पकड़ कर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के अन्य दुकानदार भी इकट्ठा हो गए । इससे बौखलाए बदमाश के साथी मौके से भाग खड़े हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाश को अपने साथ ले गई। आरोपी से तमंचा बरामद हुआ है।
सहारनपुर मार्ग पर पापड़ी पीर के समीप नसीम अहमद की बिजली के सामान की दुकान है। मंगलवार रात वह दुकान बंद करने से पहले दिन भर की बिक्री के रुपये गिन रहा था। नसीम ने बताया कि तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। दो बदमाश बाइक पर ही बैठे रहे, जबकि एक बदमाश ने नसीम को गन प्वाइंट पर लेकर नकदी उसके हवाले करने को कहा। नसीम तमंचा पकड़ कर बदमाश से भिड़ गया और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी एकत्रित हो गए। भीड़ इकट्ठा होती देख बाइक पर बैठे दोनों बदमाश अपने साथी को छोड़ कर भाग निकले। भीड़ ने नसीम से भिड़ रहे बदमाश को दबोच लिया और उसकी धुनाई शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे भीड़ से छुड़ा कर तमंचे सहित कोतवाली ले आई। वहां पूछताछ में उसने अपना नाम कैराना निवासी नदीम पुत्र गयूर बताया। उसने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए है। पुलिस उनकी धर-पकड़ के प्रयास कर रही है।
गुडवर्क के चक्कर में पुलिस ने दिखाई मुठभेड़
कागजी खेल में माहिर गंगोह पुलिस गुडवर्क के चक्कर में उच्चाधिकारियों की आंखों में धूल झौकने से भी बाज नहीं आती। पुलिस ने भीड़ द्वारा पकड़ कर सौंपे गए बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार दर्शाया है। इसे लेकर नागरिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कोतवाल संजीव कुमार के अनुसार लूट के दौरान पकडा गया बदमाश लोगो की पकड़ से छुटकर साथियों के साथ भाग निकला था। उक्त बदमाश इसके बाद रात में चौसाना मार्ग पर लूट की फिराक में थे। पुलिस को देख बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसी बीच पीछे बैठा बदमाश नीचे गिर गया जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
उधर एसपी देहात विद्या सागर मिश्र का कहना है कि यदि ऐसा है तो मामले की जांच कराई जाएगी।
भारत मोहित