फायरिंग कर फरार हो गए कार सवार
सहारनपुर। कुतुबशेर क्षेत्र में चेकिंग कर रही पुलिस ने मानकमऊ की तरफ से कार सवार लोगों को रोकने का प्रयास किया तो कार सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके। आरोपियों की कार की चपेट में आने से दो लोग जख्मी भी हो गए। जबकि पुलिस इस मामले को छुपा रही है।
मानकमऊ निवासी मोहम्मद परवेज और मनसूर बाइक पर दवा लेने बुधवार की देर शाम अंबाला रोड की तरफ जा रहे थे। उनके मुताबिक अंबाला रोड पर गुघाल मेला पुल के मोड़ पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी हाथों में पिस्टल और लकड़ी के फट्टे लिए खड़े थे। इसी दौरान शुगर मिल की तरफ से तेज गति से एक कार उनके पास से गुजरी और उसकी चपेट में आकर बाइक सवार दोनों लोग घायल हो गए। कार जैसे ही अंबाला पुल पर पहुंची, तो पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने का प्रयास किया। कार सवारों ने फायरिंग की, जिस पर पुलिसकर्मियों ने बचाव के साथ ही लकड़ी के फट्टों से कार पर वार किया, जिससे कार क्षतिग्रस्त भी हो गई थी। लेकिन आरोपियों ने कार नहीं रोकी। पुलिस ने कार का पीछा करने का भी प्रयास किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आ सके। पुलिसकर्मियों ने कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद दोनो को छुट्टी दे दी गई। पुलिस अपनी इस विफलता को छुपाने का प्रयास कर रही है। इस मामले में कुतुबशेर थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि ऐसा कोई मामला नहीं है। यह किसी ने अफवाह फैलाई है। रोजाना की तरह पुलिस ने चेकिंग की थी, लेकिन ऐसी कोई घटना नहीं हुई।