बच्चों की विवाद में बड़ों के सिर फूटे
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। मोबाइल की दुकान पर रिचार्ज कराने को लेकर हुए विवाद में दो समुदाय के बच्चों के बीच हुई कहासुनी और मारपीट ने गंभीर रुप ले लिया। दोनो समुदायों के लोगों ने एक दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस संघर्ष में एक महिला सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने दस लोगों ने के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव चकवाली में मंगवार की सुबह सात बजे गांव में ही राजन की दुकान पर अलग अलग परिवारों के छोटे बच्चे मोबाइल में रिचार्ज कराने आए थे। दोनों ही पक्षों के बच्चें जिद करने लगे कि पहले मेरा रिचार्ज होगा। इसी को लेकर उनके बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इस बात की जानकारी जब दोनों पक्षों के बच्चों के परिजनों को लगी तो वह हथियारों से लैस होकर आमने सामने आग गए। दोनो तरफ से लाठी डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। इसमें दोनो पक्षों की एक महिला सहित छह लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी रामपुर मनिहारान भरती कराया। जहां से दो को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
घायलों में बाबू पक्ष के शादाब, नवेद और सोमप्रकाश पक्ष की ओर से शिवलाल, राजू, सुरेश एवं एक महिला शामिल हैं। पुलिस ने बाबू की तहरीर पर सोमप्रकाश, अरविंद, कुलदीप, राजू और सोमप्रकाश की तहरीर पर सावेज, मोहतरम, प्रवेज, जुनेद, फैसल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ ने बताया कि माहौल खराब करने की किसी को इजाजत नहीं दी जाएगी।