देवबंद (सहारनपुर)। परिवार की सुख समृद्धि के लिए तांत्रिक के पास गई एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पति ने तांत्रिक पर पत्नी को लापता करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इमलिया गांव निवासी हरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि काम के सिलसिले में अकसर बाहर रहता है, जबकि पत्नी ममता बच्चों के साथ घर पर रहती है। हरपाल के मुताबिक परिवार में सब कुछ ठीकठाक चलता रहे इसलिए ममता झाड़ फूंक कराना चाहती थी। जिसके चलते पड़ोस में रहने वाली कुछ महिलाएं उसे गांव में स्थित एक तांत्रिक के पास ले गईं। आरोप है कि दो दिन गुजर जाने के बाद भी ममता घर नहीं लौटी। जब उसे इसकी जानकारी मिली तो उसने रिश्तेदारों आदि में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं लगा। बाद में वह उक्त तांत्रिक के पास भी गया, लेकिन उसने सही जवाब नहीं दिया। जिसके बाद उसने उक्त तांत्रिक पर पत्नी को गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से उसकी बरामदगी करने की गुहार लगाई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी तांत्रिक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि तांत्रिक से पूछताछ की जा रही है।