सहारनपुर। आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए ग्राम भगवानपुर के जयद्रथ के पिता जसबीर ने सहकारी समिति मिर्जापुर के दो डायरेक्टर पर उसके दूसरे बेटे राहुल की नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
जसबीर का आरोप है कि 21 जुलाई 2017 को शहीद हुए उसके पुत्र जयद्रथ के अंतिम संस्कार में कई नेता पहुंचे थे। जिन्होंने उसके दूसरे बेटे राहुल की नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। इसके लिए सांसद राघव लखनपाल शर्मा एवं विधायक देवेंद्र निम ने सहकारी समिति मिर्जापुर में नौकरी लगवाने के लिए पत्र एआर के नाम लिखे। लेकिन वहां उसके बेटे को नौकरी नहीं मिली।
जसबीर ने आरोप लगाया कि समिति के दो डायरेक्टर उसके घर पहुंचे और उसके बेटे की सरकारी नौकरी लगवाने के लिए उच्चाधिकारियों के नाम से तीन लाख रुपये की मांग की। कहा कि बिना पैसे दिए चाहे जितने भी चक्कर लगा ले उसके बेटे को नौकरी नहीं मिल सकती। उसने किसी प्रकार तीन लोगों के सामने 6 सितंबर को उन्हें तीन लाख रुपये दे दिए। लेकिन उसके बाद भी उसके बेटे को नौकरी नहीं मिल सकी। आरोपियों ने उसके तीन लाख रुपये हड़प लिए। इस संबंध में जसबीर ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, उसके रुपये वापस कराए जाने और उसके बेटे की नौकरी लगवाए जाने की मांग की है।