सरे बाजार दवा व्यापारी से किया लूट का प्रयास
सहारनपुर। प्रताप बाजार में अपनी दुकान बंद करके जा रहे व्यापारी से दो युवकों ने लूट का प्रयास किया। युवक सिर्फ मोबाइल ही लूट पाए, तब तक व्यापारी ने शोर मचा दिया। जिस पर आरोपी भाग निकले। लेकिन कुछ देर बाद आरोपी कुछ अन्य युवकों को लेकर पहुंचे और वहां मौजूद लोगों को भगा दिया और व्यापारी से दूसरा मोबाइल छीन लिया तथा मारपीट की। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
मंगलवार की रात लगभग 10 बजे प्रताप मार्केट में दवा की दुकान करने वाले सुधीर मिगलानी अपनी दुकान बंद करके निकले ही थे कि दो युवकों बाइक पर आए और उनसे छीना झपटी शुरू कर दी। इसी बीच सुधीर मिगलानी ने शोर मचा दिया। जिस पर आरोपी सिर्फ मोबाइल लेकर ही भागने लगे। लोगों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनकी बाइक एक वाहन से टकराकर गिर गई। जिस पर लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने आरोपी एक युवक को पकड़ने के बाद पुलिस को सूचना दे दी। जब तक पुलिस पहुंचती दूसरा आरोपी कुछ लोगों को लाठी डंडे एवं तमंचे लेकर वहां पहुंच गया, जिन्हें देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि आरोपियों ने सुधीर मिगलानी से फिर लूटपाट का प्रयास किया और दूसरा मोबाइल भी लूट लिया। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई। जिस पर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया। कुछ ही देर में व्यापारी एकत्रित होकर नगर कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों ने सरेआम लूटपाट और मारपीट की घटना पर रोष जताया। सुधीर मिगलानी ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। एसपी सिटी पीपी सिंह ने बताया कि व्यापारी से मोबाइल छीनने एवं मारपीट करने का मामला है। मोहल्ला समादार निवासी एक युवक को पुलिस ने पकड़ भी लिया है। दूसरे की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपी भाई हैं। मामले की जांच की जा रही है।