सहारनपुर। ग्राम उनाली में स्कूल जा रही छात्रा को आरोपी ने इसलिए गोली मार दी, क्योंकि छात्रा की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। छात्रा की शादी को लेकर प्रेम प्रसंग के चलते आरोपी विरोध कर रहा था और खुद उससे शादी करना चाहता था, लेकिन छात्रा उससे शादी करने को तैयार नहीं थी।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के ग्राम उनाली में गत तीन दिसंबर को स्कूल जा रही कक्षा नौ की छात्रा को ग्राम बाड़ी माजरा निवासी दीपू उर्फ देवेंद्र उर्फ दीपक ने गोली मारकर घायल कर दिया था। छात्रा के दोनों पैरों में दो-दो गोलियां लगी थीं। गोली मारने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस आरोपी की तभी से तलाश कर रही थी। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी दीपू के खलासी लाइन में मैदा मिल के पास होने की सूचना मिली। कुतुबशेर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद किया है। एसएसपी ने बताया कि तमंचे में खाली कारतूस फंसा हुआ था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छात्रा दूसरी जगह शादी करना चाहती थी। उसकी शादी तय भी हो गई थी, लेकिन वह उससे शादी करना चाहता था। उसने छात्रा को मना भी किया] लेकिन छात्रा तैयार नहीं हुई। जिस पर उसने गोली मार दी।
---- चाचा ने कराया तमंचे का इंतजाम, भाई ने की रेकी
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी दीपू ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि उसके चाचा सुजान और उसके भाई आर्यन ने तमंचे का इंतजाम कराया था। उसने बताया कि जब छात्रा अपने घर से निकली तो उसकी मां कुसुम और भाभी निगम ने उसे और उसके भाई आर्यन को बताया कि छात्रा निकल चुकी है। जिस पर वह गन्ने के खेत में छिप गया और उसके नजदीक आते ही गोली चलाकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के भाई आर्यन, चाचा सुजान, भाभी निगम और मां कुसुम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
------ परिजनों के पकड़ने की सूचना पर लौट आया
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी दीपू ने बताया कि वह वारदात को अंजाम देकर पहले सहारनपुर पहुंचा। जहां वह कुछ देर रुकने के बाद पंजाब चला गया। जब उसे पता चला कि उसके परिजनों को पुलिस ने पकड़ लिया है तो वह वापस सहारनपुर आ गया। जहां से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
--- खुद को गोली मारने की सोची, पर हिम्मत नहीं कर पाया
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह छात्रा को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारना चाहता था। उसने कई बार खुद को गोली मारने के बारे में सोचा, लेकिन खुद को मारने की हिम्मत नहीं कर पाया।
---- जान से नहीं मारना था, इसलिए मारी पैर में गोली
पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपू ने बताया कि वह छात्रा को जान से नहीं मारना चाहता था। वह सिर्फ घायल करना चाहता था, जिससे उसकी शादी कहीं भी न हो सके। उसने हाथ में भी इसीलिए गोली नहीं मारी कि कहीं सीने में गोली न लग जाए और वह मर न जाए। इसीलिए पैरों में ही गोली मारता रहा।
---- पुलिस के सामने की टेंपो में बैठकर चला गया था आरोपी
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी दीपू ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दीपू वहां से तुरंत निकल गया। उसके सामने पुलिस की गाड़ियां घटनास्थल की ओर जाती रहीं और वह सड़क पर आकर टेंपो में बैठ गया। रास्ते में भी उसे पुलिस के वाहन मिले थे।