नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर रविवार की रात्रि नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने ढाबा संचालकों व ट्रक चालकों से मारपीट करते हुए लूटपाट की। करीब सवा घंटे तक बदमाशों ने पांच ढाबों और ट्रक चालकों से हजारों की लूटपाट की। पांचवें ढाबे पर लूटपाट के दौरान पुलिस को देख बदमाश जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जानकारी ले आस पास के इलाके में बदमाशों की कांबिंग भी की, लेकिन सुराग नहीं लगा। लूट के शिकार पीड़ितों ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रविवार की रात्रि करीब एक बजे हथियारों से लैस तीन बदमाश नगर के दिल्ली सहारनपुर राजमार्ग पर चैरा-बकडौली गांव के बीच बने ढाबों पर पहुंचे और लूट शुरू कर दी। सबसे पहले बदमाश रात चैरा गांव स्थित पंजाबी वैष्णो ढाबे पर पहुंचे। ढाबा संचालक थाना भवन निवासी सुनील कुमार पुत्र सुक्खन सिंह ने बताया कि जिस समय बदमाश ढाबे पर पहुंचे, उस समय दो ग्राहक खाना खाने के लिए रुके हुए थे। बदमाशों ने सुनील और दोनों ग्राहकों से मोबाइल लेकर उन्हें कमरे में बंद करते हुए तमंचे के बल पर ढाबे से 4500 रुपये लूट लिए। बदमाश सुनील की बाइक ले गए। कुछ देर बाद किसी प्रकार सुनील कमरे से बाहर निकला और किसी राहगीर के फोन से पुलिस को इसकी सूचना दी। सुनील का कहना है कि पुलिस सायरन बजाती हुई उसके ढाबे पर पहुंची और उससे पूछताछ करती रही, जबकि बदमाश दूसरे ढाबों को लूटते रहे।
इसके बाद बदमाशों ने चौधरी वैष्णो ढाबे पर पहुंच ढाबा संचालक जोगेंद्र पुत्र इंद्र की कनपटी पर तमंचा सटाकर 17 हजार की नगदी एवं सामान लूट लिया। ढाबे पर रुके जलालाबाद निवासी ट्रक चालक से भी मारपीट कर 7 हजार की नगदी लूट ली गई। इसी के नजदीक नीलकंठ ढाबे से बदमाशों से 6 हजार की नगदी एवं सामान लूट लिया। ढाबे पर सो रहे ट्रक चालक से भी बदमाशों द्वारा 15 हजार की नगदी लूटी गयी। बदमाशों ने लूट का चौथा शिकार कौशिक ढाबे को बनाया। जहां से बदमाशों ने 5500 रुपये नकद और सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाश बकडौली स्थित मां शाकंभरी वैष्णवी ढाबे पर पहुंचे, जहां से बदमाशों ने गल्ला उखाड़ते हुए 30 हजार की नगदी लूट ली। ढाबे पर खाना खाने पहुंचे ट्रक चालक गांव चैरा निवासी रिंकू पुत्र किरणपाल एवं एक राजस्थान से खाना खाने के लिए रुके ट्रक चालक से भी बदमाशों ने 18 हजार रुपये लूट लिए। इसी दौरान पुलिस की जीप को आती देख बदमाश आनन फानन में जंगल के रास्ते फरार हो गए।
पीड़ितों के अनुसार एक बदमाश ने कारतूस से लैस पट्टा भी बांधा हुआ था। लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देकर बदमाश पुलिस के सामने जंगल के रास्ते फरार हो गए। वारदात से ढाबा संचालकों में भय बना है। उन्होंने रात्रि में पुलिस गश्त बढाए जाने की मांग की है। सभी पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। विशेष बात यह रही कि बदमाश ढाबों से लूटे गए सभी मोबाइल लूट करने के बाद वहीं डालकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार उज्ज्वल ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।