दिल्ली में गिरफ्तार हुआ जानलेवा हमले का आरोपी
देवबंद। नगर के प्रमुख चिकित्सक अनुज गोयल पर डेढ़ वर्ष पूर्व गोलियां बरसाकर जानलेवा हमला करने के आरोपी मंजीत दलाल को दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंजीत ने पिछले वर्ष ही रंगदारी न देने पर चिकित्सक पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी मंजीत काफी समय से इस मामले में अदालत में पेश नहीं हो रहा था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नीरज बवानिया और अमित भूरागिरोह के शार्प शूटर मंजीत दलाल उर्फ मंगल उर्फ सुनील को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मंजीत ने सुशील गुर्जर और नीरज बवाना के कहने पर देवबंद के चिकित्सक अनुज गोयल पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने मंजीत ने चार अप्रैल 2017 को डाक्टर अनुज गोयल के नर्सिंग होम में घुसकर फायरिंग कर दी थी। डॉक्टर अनुज गोयल पैर में गोली लगने से घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने 5 अप्रैल को चिकित्सक की पत्नी लीना गोयल की तहरीर पर मंजीत, फुगाना निवासी विक्की, अमित उर्फ भूरा, नीरज बवाना और सुशील गुर्जर के खिलाफ आईपीसी की धारा 386, 120बी और 307 के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने छह अप्रैल को श्री साईंधाम मंदिर के समीप से मंजीत को गिरफ्तार कर वारदात को खुलासा करते हुए उसे जेल भेज दिया था। जिसके कुछ दिनों बाद मंजीत को जमानत मिल गई थी। लेकिन उसके बाद मंजीत कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। दिल्ली में एक मामले में भी मंजीत फरार चल रहा था। जिसके बाद अनुज गोयल पर हमला किए जाने का मामला फिर से चर्चाओं में आ गया। देवबंद पुलिस का कहना है कि मंजीत के साथी नीरज बवाना के खिलाफ कई बार बी वारंट जारी हो चुका है। लेकिन आज तक वह अदालत में पेश नहीं हुआ।
-- अपराध की दुनिया में वर्ष 2011 से था सक्रिय
गांव मंधोती, जिला झज्जर हरियाणा निवासी मंजीत दलाल (26) ने वर्ष 2011 में अपराध की दुनिया में उस समय कदम रखा, जब इसने दुश्मनी के चलते अपने गांव के ही हिम्मत सिंह पर गोली चला दी थी। जबकि हिम्मत ने ही मंजीत को नीरज बवानिया से मिलवाया था। वर्ष 2012 में मंजीत दलाल ने नीरज बवानिया व अन्य के साथ दिल्ली केे कई बड़े बिल्डर्स से रंगदारी मांगी थी।