सहारनपुर। शामली जिले में होमगार्ड को घायल कर लूटी गई दो राइफलों से जुर्म की दुनिया के उस्ताद खून-खराबा कर सकते हैं। इसी आशंका ने पुलिस की नींद उड़ा रखी हैं। इसी कड़ी में डीआईजी ने रेंज के तीनों जिलों की पुलिस को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस पूर्व में सरकारी असलाह लूटने की हिमाकत करने वाले मुकीम और वाजिद समेत कई गैंगों को खंगाल रही है। मुकीम तो फिलहाल जेल में है, जबकि वाजिद फरार बताया गया है। सरकारी असलाह की बरामदगी को पुलिस ने शामली के पड़ोसी जनपदों सहारनपुर, बागपत और करनाल (हरियाणा) तक अपना जाल बिछा रखा है।
योगी राज में अपराधियों को गोली का जवाब गोली से देने का दावा करने वाली यूपी की शामली पुलिस सोमवार रात बदमाशों से मात खा गई। शामली जिले के चौसाना में चेकिंग के दौरान बदमाशों ने होमगार्ड को गोली मारने के साथ दो सरकारी राइफलें लूट लीं। डीआईजी शरद सचान की अगुवाई में कई थानों की पुलिस और पीएसी देर शाम तक जंगल की खाक छानती रही। होमगार्ड को गोली मारकर राइफल लूटने वाले बदमाश कौन हैं और किस गैंग से उनका जुड़ाव है। काफी माथापच्ची के बाद पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। पुलिस पहले हुई सरकारी असलाह लूट की पुरानी घटनाओं को खंगाल रही है। इससे पहले चरथावल, थानाभवन, शामली रेलवे स्टेशन, मिर्जापुर थाने आदि से सरकारी असलाह लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन उनमें सरकारी शस्त्रों की बरामदगी हो चुकी हैं। डीआईजी शरद सचान के मुताबिक इस इलाके में सक्रिय मुकीम काला तो काफी समय से जेल में हैं। कभी मुकीम से जुड़ा रहा वाजिद पुलिस कस्टडी से फरार है। इसी गैंग से जुड़े कई अन्य लोगों को पुलिस खंगाल रही है। कुछ इनपुट मिले है, जिसके आधार पर कार्रवाई चल रही है। फिलहाल रेंज के अलावा आसपास के जिलों की पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया हैं।