सरसावा (सहारनपुर)। पुलिस ने सरसावा में सत्संग भवन के पास बाइक एवं नगदी लूट में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल, नगदी एवं एक बाइक बरामद की है।
सरसावा के ग्राम जगैता नजीब निवासी प्रवीण कुमार आठ सितंबर को अपनी रिश्तेदारी ग्राम तेलीपुरा से अपने घर जा रहा था। जब वह राधास्वामी सत्संग भवन के सामने अंबाला रोड से फंदपुरी रोड रजबहे के किनारे पहुंचा, उसी समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने उससे मोबाइल, पर्स लूट लिया। पर्स में 10,500 रुपये एवं एटीएम कार्ड मौजूद था।
शुक्रवार को पुलिस को इस लूट के आरोपियों के यमुना नदी के पुल के पास होने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने यमुना नदी के पास स्थित चाय की एक दुकान पर मौजूद आरोपियों की घेराबंदी की और दो लोगों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अजीज निवासी ग्राम ढक्कादेई थाना नानौता तथा सलमान निवासी मोहल्ला ग्रीन बिहार कालोनी बुढ़िया चौक के पास थाना शहर जगाधरी जनपद यमुनानगर बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए मोबाइल के अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन, लूटी गई नगदी, घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी अनीस ने बताया गया कि उसने अपने साथी सोनू एवं दीपक के साथ मिलकर राधास्वामी सत्संग भवन के पास रजबहे की पटरी पर लूट की थी। लूटा गया मोबाइल फोन उसने सलमान को बेचा है। पकड़े गए सलमान ने बताया कि बरामद मोबाइल चोरी के हैं। पुलिस सोनू एवं दीपक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।