16 दिन बाद भी कारोबारी
से लूट का खुलासा नहीं
सहारनपुर। लोहानी सराय में कारोबारी को गोली मारकर लाखों की नगदी से भरा बैग लूटने के मामले में पुलिस 16 दिन बाद भी बदमाशों का पता नहीं लगा पाई है। मामला हवाला कारोबार से जुड़ा होने के शक पर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मगर, पुलिस को अब तक न तो पुख्ता सबूत हाथ लगे और न ही बदमाश।
बता दें कि 24 फरवरी को सिटी कोतवाली क्षेत्र के लोहानी सराय बाजार में बाइक सवार दो बदमाशों ने यमुनानगर निवासी शैलेश गिरी की टांग में गोली मारकर नगदी से भरा बैग लूट लिया था। कारोबारी ने बताया था कि वह रिश्तेदार की शादी के लिए सहारनपुर में जेवरात खरीदने आया था और बैग में दो लाख रुपये की नगदी थी। शैलेश ने खुद को प्लाइवुड कारोबारी बताया था। सूत्र बताते हैं कि पुलिस की शुरूआती जांच में सामने आया था कि शैलेश गिरी हवाला कारोबार से जुड़ा है और उसके बैग में 30 लाख रुपये थे। पुलिस ने इस लाइन पर तेजी से काम शुरू किया था। मगर, घटना के 16 दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को पता नहीं लगा पाई है और न ही कारोबारी के हवाला कारोबार से जुुड़ा होने की पुख्ता जानकारियां जुटा पाई है। उधर, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस की जांच चल रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।