सहारनपुर। मोहल्ला वर्धमान कालोनी में मोटरसाइकिल से खड़ी मोटरसाइकिल में साइड लगने पर हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि फायरिंग हो गई। जिसमें दो लोगों को गोली लगी। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है।
देहात कोतवाली के मोहल्ला वर्धमान कालोनी निवासी आलम अपने घर के बाहर अपने बेटे के साथ खड़ा हुआ था उसकी मोटरसाइकिल भी घर के बाहर ही खड़ी हुई थी। उसी समय मोहल्ले का ही उवेश रजा अपनी मोटरसाइकिल लेकर तेजी से वहां से गुजरा। उसकी मोटरसाइकिल से आलम की मोटरसाइकिल में टक्कर लग गई। जिस पर दोनों में विवाद हो गया। आलम का आरोप था कि उवेश रोजाना तेज आवाज करते हुए तेज गति से मोटरसाइकिल उसके घर के सामने से गुजारता है। कई बार मना किया गया, फिर भी नहीं मान रहा। इस बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आलम अपने घर के अंदर से तमंचा लेकर आया और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर एक गोली तो उवैश रजा को लगी, जबकि एक गोली पास में ही काम कर रहे एक मजदूर अरशद को जा लगी। जिससे दोनों लोग घायल हो गए। घटना के बाद मोहल्ले में भगदड़ मच गई। मौके का फायदा उठाकर आलम फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उवैश रजा की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।