छुटमलपुर (सहारनपुर)। चार युवकों ने बुधवार की रात कार सवार व्यापारी नेता के साथ मारपीट कर उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि हमलावर 25 हजार रुपये की नगदी और सोने की अंगूठी भी छीन ले गए। घटना के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में व्यापारियों ने थाने पहुंच कर चार आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
कस्बे की हरिजन कालोनी निवासी पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मांगेराम शर्मा उर्फ राजन बुधवार की पत्नी के साथ मुजफ्फनगर से लौट रहे थे। जैसे ही वे कस्बे में घुसे तो सहारनपुर रोड पर महाराणा प्रताप कालोनी के सामने चार युवकों ने उनकी कार जबरन रुकवा ली और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि कार के शीशे तोड़ने के साथ ही हमलावरों ने व्यापारी नेता से 25 हजार रुपये की नगदी और सोने की अंगूठी भी छीन ली। इसी दौरान से पुलिस की गाड़ी को आता देख हमलावर भाग गए। घटना की खबर व्यापारियों को लगते ही उनमें आक्रोश पैदा हो गया। बड़ी संख्या में व्यापारी पीड़ित के प्रतिष्ठान पर इकट्ठा हुए। यहां से वे व्यापारी नेता को लेकर थाने पहुंचे। जहां चार हमलावर युवकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। फतेहपुर थानाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण करा दिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वे अपने घरों से फरार हैं।