त्रिवेणी शुगर मिल में किसानों ने संविदाकर्मी
को पीटा, छह आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज
देवबंद (सहारनपुर)। त्रिवेणी शुगर मिल में तौल की बारी को लेकर किसानों ने संविदाकर्मी को मारपीट कर घायल कर दिया। मिल के सुरक्षा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने छह किसानों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंगलवार को त्रिवेणी शुगर मिल के सुरक्षा अधिकारी चंदन सिंह ने कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया गया कि 23 दिसंबर की रात मोहल्ला किला निवासी संविदा कर्मी फखरुद्दीन कांटे पर कार्य कर रहा था। इस दौरान कुछ किसान नशे की हालत में तौल की बारी को लेकर उसके साथ कहासुनी करने लगे। जब उसने ऐसा करने से मना किया तो उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि जब फखरुद्दीन ने इसका विरोध किया तो किसानों ने उसके साथ मारपीट की। इसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने चंदन सिंह की तहरीर पर रणखंडी गांव निवासी किसान ध्वज, रजत कुमार, लालू सिंह, सुधीर कुमार, अजीत सिंह और रणधीर सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लेखपाल का दो लोगों पर सरकारी जमीन कब्जाने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
देवबंद (सहारनपुर)। रणखंडी हल्का लेखपाल कंवर पाल शर्मा ने कोतवाली में तहरीर देकर गांव के प्रमोद और विश्वास कुमार पर सरकारी भूमि पर अवैध रुप से कब्जे का आरोप लगाया है। लेखपाल कंवरपाल शर्मा के मुताबिक इन लोगों ने पिछले करीब 20 वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसकी नींव भर रखी है। बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी जमीन से कब्जा नहीं हटाया गया जबकि पिछले कुछ दिन से उन्होंने भूमि पर निर्माण कार्य भी शुरू किया है। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।