देवबंद (सहारनपुर)। किराए पर ई-रिक्शा लेकर मानकी गांव गए युवक ने रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसकी रिक्शा लेकर फरार होने लगा। इस दौरान लोगों ने उसे दबोच लिया तथा पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
रहमान कालोनी निवासी सुलेमान किराए पर ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। शुक्रवार को मंगलौर बस स्टैंड से एक युवक मानकी गांव जाने के लिए उसकी रिक्शा में बैठा। जब वह मानकी गांव के समीप पहुंचा तो रिक्शा में बैठे युवक ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। जिसके चलते सुलेमान बेहोश हो गया। युवक उसे सड़क पर डालकर ई-रिक्शा लेकर फरार जाने लगा। इस दौरान वहां खड़े मानकी गांव के कुछ युवकों ने उसे देख लिया और पीछा कर उसे दबोच लिया। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सुलेमान को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और रिक्शा लेकर जा रहे युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्त में आए युवक से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा।