विवाहिता की गला घोंटकर हत्या
देवबंद (बागपत)। साखन कलां गांव में विवाहिता की हत्या करने का आरोप ससुरालियों पर लगाया गया है। विवाहिता का शव कमरे में पड़ा मिला। जिसकी गर्दन पर रस्सी और शरीर पर चोट के निशान हैं। जिससे पुलिस आशंका जता रही है कि मारपीट के बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। वारदात के बाद ससुरालिए फरार हो गए। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मंसूरपुर के गांव हुसैनपुर बोपाड़ा निवासी राजेंद्र की बेटी रीतू की शादी कोतवाली क्षेत्र के साखन कलां गांव निवासी अन्जय से करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी। इतना समय बीत जाने के बाद भी रीतू को कोई औलाद नहीं हुई। जिसको लेकर ससुरालिए उससे खफा रहने लगे। रीतू के मायके वालों का कहना है कि ससुरालिए अतिरिक्त दहेज के लिए उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। शुक्रवार को रीतू का शव घर के एक कमरे में बेड पर पड़ा मिला। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। रीतू के गले पर रस्सी, जबकि शरीर पर मारपीट के निशान थे। जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि ससुरालियों ने मारपीट करने के बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या की है। पुलिस से जानकारी मिलने पर रीतू के परिजन भी साखन पहुंच गए। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां मुनेश ने पति अन्जय, संजय, जेठानी सरिता, ननद पूनम और ननदोई अरविंद पर गला घोंटकर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।