रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। दस साल पूर्व गांव से लापता हुए एक ग्रामीण के भतीजे ने एसएसपी को पत्र देकर गांव के ही चार लोगों पर अपने चाचा की हत्या कर शव को खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल को गांव शिवदासपुर निवासी ब्रिजेश पुत्र बुच्चा द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में अवगत कराया गया कि गांव के ही चार लोग उनके चाचा पूरण को 10 वर्ष पूर्व घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद से वह लापता है। ब्रिजेश ने शिकायती पत्र में दावा किया कि आरोपियों ने उसके चाचा की हत्या कर दी थी। जब वह 18 अक्तूबर को उक्त लोगों से एक बार फिर अपने चाचा के बारे में पूछताछ करने के लिए गया तो उन्होंने उसके साथ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि वे उसका भी पूरण वाला हाल कर देंगे। ब्रिजेश ने अपने पत्र में कहा कि पूरण की हत्या करने वालों द्वारा दी गई धमकी से वह और उसका परिवार दहशत में है। उसका कहना है कि अरोड़ा हत्याकांड में शामली क्राइम ब्रांच द्वारा जिन चार लोगों को आरोपित किया गया है। उनमें से एक उसके चाचा की हत्या में शामिल है। उधर थानाध्यक्ष एसके राणा ने बताया कि अभी प्रार्थना पत्र उन तक नहीं पहुंचा है। वे जांच कर कार्रवाई कराएंगे।