दुकान में सेंध लगाकर डेढ़ लाख की चोरी
नकुड़। नयागांव रोड स्थित एक दुकान में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत सामान चुरा लिया। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली में तहरीर दी है।
शनिवार को अन्य दुकानदारों के साथ कोतवाली पहुंचे व्यापारी दीपक सिंघल ने बताया कि नगर के नयागांव रोड पर उसकी शाकुंभरी ट्रेडर्स के नाम से सेनेटरी फिटिंग और टुल्लू पंप के सामान की दुकान है। सुबह करीब दस बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो गल्ला टूटा मिला और बाकी सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की दीवार में चोरों ने सेंध लगा रखी थी। यह सब देख उसने इसकी सूचना तुरंत ही पुलिस और पड़ोसियों को दी। दुकानदार ने बताया कि नगदी सहित करीब डेढ़ लाख की चोरी की गई है। व्यापारियों ने चोरी की घटनाओं को देखते हुए सर्दी के मौसम में पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।