बेहट (सहारनपुर)। अवैध खनन को लेकर जारी रिकवरी सर्टिफिकेट की वसूली के लिए जमीन की कुर्की कार्रवाई के बाद अब तहसील प्रशासन की नजर एमएलसी बैंक खातों पर है। बुधवार को एसडीएम ने मिर्जापुर पोल स्थित एसबीआई की शाखा में उनके बैंक एकाउंट को सीज कर दिया है। इस एकाउंट में कितनी धनराशि है, उसका पता लगाया जा रहा है।
पिछले पांच साल में अवैध खनन में लिप्त पट्टाधारकों और स्टोन क्रशर को चिह्नित कर प्रशासन ने इनके खिलाफ रिकवरी जारी कर दी थी। जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को बेहट तहसील की टीम ने मिर्जापुर पोल निवासी बसपा एमएलसी महमूद अली की तीन गांवों में जमीन चिह्नित कर उसे कुर्क करने की कार्रवाई की थी। एसडीएम युगराज सिंह ने बताया कि मिर्जापुर एसबीआई शाखा में एमएलसी का बैंक एकाउंट मिला है, जिससे सीज कर दिया गया है। एकाउंट में कितनी धनराशि है, इसका पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा अवैध खनन में लिप्त अन्य पट्टाधारकों के खिलाफ भी जारी रिकवरी सर्टिफिकेट पर कार्रवाई शुरू हो गई। अवैध खनन पर जारी पेनाल्टी का नोटिस घरों पर चस्पा कर दिया गया है। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने बताया कि अवैध खनन में पांच पट्टाधारकों पर पेनाल्टी लगाई गई है। जमा नहीं करने वालों के खिलाफ वसूली अभियान जारी किया है।