मुंह दबाकर की गई थी शाहिद की हत्या
देवबंद (सहारनपुर)। राज्जुपुर गांव में नाले से बरामद हुए ढ़ाई वर्षीय बच्चे शाहिद की हत्या दम घुटने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि शाहिद का मुंह दबाया गया था। परिजनों के मुताबिक जिस समय शाहिद घर से बाहर निकला तो वह निक्कर नहीं पहने था। लेकिन जब शव बरामद हुआ था तो वह नीले रंग का निक्कर पहने था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राज्जुपुर गांव निवासी अलीशान उर्फ चोना के ढाई वर्षीय बेटे शाहिद का शव घर से डेढ़ किलो मीटर दूर स्थित एक नाले से बरामद हुआ था। शाहिद बुधवार दोपहर करीब दो बजे घर से गायब हो गया था। देर रात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बृहस्पतिवार को कोतवाल पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुंह दबाने और दम घुटने से मौत का कारण सामने आया है। अलीशान की ओर से यह भी बताया गया कि जिस समय शाहिद घर से लापता हुआ था तब उसने निक्कर नहीं पहने थी। लेकिन जब उसका शव बरामद हुआ तो उसके शरीर पर नीले रंग की निक्कर मिली। त्यागी ने बताया कि अभी हत्या से जुड़ा सुराग नहीं लगा है। उधर, पुलिस ने कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार इनमें एक बिंदू पारिवारिक भी है। बताया जा रहा है कि चोना ने टेस्ट ट्यूब बेबी के जरिये पत्नी का इलाज कराया। तब शाहिद का जन्म हुआ था। इसके अलावा परिवार में कोई बच्चा नहीं था।
फोटो संख्या 7
पूर्व विधायक ने दी सांत्वना
देवबंद। भाजपा की पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने बृहस्पतिवार को राज्जुपुर गांव में शाहिद के परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। पुंडीर ने पीड़ित पिता चोना और उसकी पत्नी को आश्वासन दिया कि शाहिद की हत्या के आरोपियों को कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। इसके लिए पुलिस पर दबाव बनाया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की। इस दौरान खेमकरण कश्यप, शुभम सैनी, चौधरी ओमपाल सिंह, अरविंद त्यागी, रियासत आदि मौजूद रहे।