गागलहेड़ी (सहारनपुर)। न्यू मलिक सिटी कॉलोनी में बृहस्पतिवार की रात हथियारों से लैस करीब 12 बदमाशों ने पांच घरों में डाका डाला। करीब दो घंटे तक बदमाशों ने तांडव मचाया। इसके बाद गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाश 75 हजार रुपये की नगदी और तीन लाख रुपये मूल्य के सोने चांदी के जेवर लूट ले गए। सूचना के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस बदमाशों की छानबीन करने की बजाय मामले को मीडिया से छुपाती रही। देहरादून रोड स्थित न्यू मलिक सिटी कॉलोनी में बदमाशों ने रात करीब एक बजे वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने सबसे पहले शादाब पुत्र दिलदार को गन प्वाइंट पर लेकर घर में रखे चार हजार रुपये, ढाई तोला सोने और 15 तोला चांदी के जेवर लूट लिए। शादाब और उसकी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश पड़ोस के ही आशिक पुत्र कासिम के घर में घुसे। यहां 23 हजार की नगदी लूट ली और दंपति को कमरे में बंद कर दिया। इसी के मकान में रह रहे किरायेदार नदीम पुत्र नसीम की पत्नि से कानो के कुंडल और अंगूठी लूट ली। इसके बाद बदमाश दूसरी गली में आबिद पुत्र इकराम के घर में घुसे। वहां गोली मारने की धमकी देते हुए घर में रखे आठ हजार रुपये और जेवर लूट लिए। पड़ोस में ही रह रहे नूर आलम पुत्र अख्तर अली और शाहजहां पुत्र यामीन के घर में घुसकर बदमाशों ने नूर आलम के पुत्र को गन प्वाइंट पर लेकर घर में रखे 40 हजार रुपये और पांच तोला सोना लूट लिया। बहन की शादी के लिए रखा अन्य कीमती सामान भी समेट कर बदमाश घर वालों को गोली मारने की धमकी देते हुए उन्हें कमरे में बंद करके फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद वारदात की सूचना देने के लिए पीड़ितों ने 100 डॉयल किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। उसके बाद पीड़ितों ने गागलहेडी थाना पुलिस को सूचना दी। थाना पुलिस भी सूचना के दो घंटे बाद मौके पहुंची और मामले की लीपापोती में जुट गई। एसओ सुशील का कहना है कि मामले की जांच की रही है। उसके बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।