महिलाओं से ठगी का प्रयास करने वाले की धुनाई
नानौता (सहारनपुर)। राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की जांच के नाम पर महिलाओं से ठगी का प्रयास करने वाले युवक को पकड़ कर मोहल्लेवासियों ने जमकर धुनाई की। हालांकि इस दौरान आरोपी ठग मौके पर बाइक छोड़ कर फरार हो गया। लोगों ने बाइक को थाना पुलिस के सुपुर्द किया।
बुधवार को नगर के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी लेखपाल के संपर्क में रहने वाले नवेद आलम के पास सुबह करीब 9 बजे एक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को समाज कल्याण विभाग की ओर से मृतक व्यक्ति की विधवा को मिलने वाली राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में चयनित हसीना पत्नी मरहूम इकराम, अफसरी पत्नी मरहूम रफीक अहमद, महमूदा पत्नी बादिल खान निवासी मोहल्ला कानूनगोयान के कागजों का जांच कर्ता बताया। मिलने के लिए नगर के गंगोह रोड स्थित शराब के ठेके के पास बुलाया। इस पर नवेद आलम को संदेह हो गया। नवेद के मुताबिक उक्त सभी की जांच पूर्व में लेखपाल द्वारा की जा चुकी है। वह अपने एक अन्य साथी इसरार को लेकर बताए स्थान पहुंचा। जहां उक्त ठग ने उससे तीनों के कागजों की जांच के नाम पर तीन हजार रुपये की मांग की। इसके बाद दोनों ने उसको पकड़ लिया। तीनों में हाथा पाई होने लगी। इसी बीच लोगों की भीड़ बढ़ने लगी।
मामले की जानकारी होने पर लोगों ने उक्त ठग की जमकर धुनाई कर दी। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 30/40 महिलाओं के फार्म भी मिले हैं। उक्त ठग क्षेत्र के ही एक गांव का रहने वाला है जो कि खुद को विकास भवन में कार्यरत बता लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाता है। आरोपी पूर्व में भी क्षेत्र के अनेक गांव की महिलाओं को अपनी ठगी का शिकार बना चुका है। इस संबंध में थानाध्यक्ष यशपाल सिंह ने बताया कि मामले की कोई तहरीर नहीं आयी है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।