बेहट (सहारनपुर)। रूहालका गांव में विवादित जमीन से गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें तीन महिलाओं समेत करीब 12 लोग घायल हुए हैं। संघर्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को बेहट सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनो पक्षों की तहरीर पर दोनो पक्षों के 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
कोतवाली बिहटा क्षेत्र के रूहालका गांव निवासी कृष्णपाल एवं सोमपाल के बीच करीब 16 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह इस विवादित जमीन में खड़ी गेहूं की फसल को काटने को लेकर दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। दोनों तरफ से जमकर लाठी डंडे चले, जिसमें कृष्णपाल पक्ष से कृष्णपाल, नाथीराम, शिवकुमार, दीपक, अंकित व कृष्णपाल की पुत्री पूजा व दूसरे पक्ष से सोमपाल, मिथुन, सुभाष, गीता पत्नी सोम्मा, रीना पुत्री सोम्मा आदि घायल हो गए। संघर्ष की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों को बेहट सीएचसी में भर्ती कराया। कृष्णपाल पक्ष का कहना है कि उनके द्वारा 19 अप्रैल 2018 में गांव के पास ही 16 बीघा जमीन वीरेंद्र पुत्र परमानंद, आशीष व मुनीश पुत्रगण ब्रजपाल व सोम्मी हाल निवासी मेरठ कैंट से खरीदी थी, जिसके दाखिल खारिज पर सोमपाल ने आपत्ति लगा दी थी। आरोप है कि उक्त भूमि में उसके द्वारा तैयार की गई गेहूं की फसल को सोमपाल जबरन काटने पहुंचा था, जबकि सोमपाल पक्ष का कहना है कि उक्त भूमि उनकी पुश्तैनी जमीन है। कृष्णपाल ने फर्जी बैनामा कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह ने बताया, कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसमें कृष्णपाल पक्ष की तरफ से पांच और सोमपाल पक्ष की तरफ से छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।