लखनौती (सहारनपुर)। बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे ग्रामीण से बाइक सवार दो बदमाशों ने 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव जुखेड़ी निवासी रामेश्वर शुक्रवार दोपहर गंगोह स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रुपये निकालने के लिए आया हुआ था। बैंक से 40 हजार रुपये निकलवाने के बाद वह अपनी साइकिल से गांव के लिए चल दिया। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने साइकिल में टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद बदमाश उसकी उसकी साइकिल पर बंधा रुपयों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने शोर मचाते हुए उनका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आ सके। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में घंटों कांबिंग की, लेकिन उनका कुछ सुराग नहीं लग सका। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।