सौतेली बेटी से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। जनकपुरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले व्यक्ति को उसकी सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पत्नी ने ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोपी डेढ़ साल से नाबालिग के साथ दुष्कर्म कर रहा था।
कानपुर देहात के तहसील आदमपुर थाना पजेती के एक गांव का रहने वाला व्यक्ति सहारनपुर के जनकपुरी थाना क्षेत्र में वर्ष 2005 से रह रहा था। उसकी पहली पत्नी की मौत हो गई, तो उसने दूसरी शादी कर ली। दूसरी पत्नी का अपने पहले पति से तलाक हो चुका था और उसकी एक बेटी है। आरोपी ने शादी के बाद उसकी बेटी को भी अपना लिया। बेटी उसके ही साथ रहने लगी थी। आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व आरोपी ने कक्षा आठ में पढ़ने वाली अपनी 13 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद से उसे डरा धमका कर लगातार दुष्कर्म करता रहा। दो दिन पूर्व उसकी बेटी ने परेशान होकर अपनी मां को सौतेले पिता की करतूत बताई। उसकी मां ने जनकपुरी थाना में अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।