रामपुर महिारान। नगर पंचायत चेयरमैन के प्रतिनिधि और सभासदों के बीच चल रही रस्साकसी में थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की है।
बता दें कि रामपुर मनिहारान में नगर पंचायत चेयरमैन पूर्व सांसद स्व. चौधरी जगपाल सिंह की पत्नी हैं। उन्होंने अपने पुत्र विवेकांत सिंह को अपना प्रतिनिधि नियुक्त कर रखा है। विवेकांत ने दिल्ली रोड हाईवे पर अपने होर्डिंस में अपने नाम के आगे चेयरमैन लिखवाया था, जिसका बोर्ड के सभासदों ने विरोध किया था। विरोध को देखते हुए 15 दिन पूर्व होर्डिंस को उतार लिया गया था। इसके बाद सभासदों ने आरोप लगाया कि चेयरमैन प्रतिनिधि अपनी मर्जी से नगर पंचायत कार्यालय का कार्य देखते हैं। वह किसी की नहीं सुनते। इसे लेकर बोर्ड के सभासदों व चेयरमैन प्रतिनिधि के बीच कहासुनी भी हुई। बोर्ड सभासदों के व्यवहार को लेकर विवेकांत द्वारा एक तहरीर थाना पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने नगर पंचायत बोर्ड सभासदों एवं चेयरमैन प्रतिनिधि के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए दोनों पक्षों पर शांति भंग की धारा में कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चेयरमैन प्रतिनिधि विवेकांत सिंह, सभासद जहांगीर, ब्रजपाल, मीनाक्षी, आदिल, हमीदा, रईश, शाहीन, राजेश कुमार व आफताब के खिलाफ कार्रवाई की गई है।